कन्नौज : थाने में हंगामा,10 नामजद और 200 अज्ञात पर एफआईआर

19 बाइकें जब्त, युवक को छुड़ाने के लिए किया था हंगामा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।   जिले के विशुनगढ़ थाने में हंगामा करने के आरोप में पुलिस ने 10 नामजद और 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने इस मामले में 19 बाइकें भी जब्त की हैं। यह कार्रवाई थाने में हुई भीड़ के हंगामे के एक वायरल वीडियो के बाद की गई है।

यह घटना एक दिन पहले रात के समय हुई थी, जब एक झगड़े के बाद कुछ लोगों को थाने लाया गया था। अखिलेश नामक व्यक्ति को पकड़े जाने की सूचना पर उनके समर्थक बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। उन्होंने अखिलेश को छुड़ाने का प्रयास किया और पुलिस के मना करने पर हंगामा शुरू कर दिया।

थाने के एसआई हृदयराज उपाध्याय की तहरीर के अनुसार, 21 अक्टूबर की शाम उन्हें दो पक्षों में झगड़े की सूचना मिली थी। थाना इंचार्ज राधेश्याम के साथ मौके पर पहुंचने पर एक पक्ष ने अखिलेश को पुलिस के हवाले कर दिया। विशाल नामक युवक ने अखिलेश की बताई जा रही एक रिवॉल्वर और छह कारतूस भी पुलिस को सौंपे। पुलिस दिलीप और नीलू को भी थाने ले आई थी।

अखिलेश और अन्य लोगों को हिरासत में लिए जाने के बाद उनके समर्थक थाने के बाहर जमा हो गए और उन्हें छोड़ने की मांग करने लगे। जब पुलिस ने समझाने का प्रयास किया, तो भीड़ ने हंगामा और नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। फोर्स को देखते ही हंगामा कर रही भीड़ अपनी बाइकें छोड़कर भाग गई।

पुलिस ने विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के रैपुरा निवासी राजेन्द्र, राहुल कुमार, रीतेश, राम प्रकाश, कमलेश, रवि कुमार, धनीराम, धर्मेंद्र, रोहित और अखिलेश सहित 10 लोगों को नामजद किया है। इसके अतिरिक्त, 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मौके से छोड़ी गई 19 बाइकों को भी जब्त कर लिया है।