रन फार यूनिटी का संदेश जन जन तक पहुंचेगा
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर को एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह पदयात्रा जनपद के ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा होगी।
उत्तर प्रदेश शासन के मुख्य सचिव, युवा कल्याण विभाग, तथा भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सचिव के निर्देशों के अनुपालन में यह आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने “रन फॉर यूनिटी” के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने के लिए व्यापक पूर्व-कार्यक्रम गतिविधियों के आयोजन के निर्देश दिए हैं।
इन कार्यक्रमों में 26 अक्टूबर को ब्लॉक स्तर पर पेंटिंग प्रतियोगिता, जिसके नोडल अधिकारी संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी होंगे, शामिल है। 27 अक्टूबर को प्रत्येक ब्लॉक के चयनित दो अमृत सरोवर ग्रामों में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी जिला विकास अधिकारी और जिला पंचायत राज अधिकारी को सौंपी गई है।
28 अक्टूबर को पी.एस.एम. कॉलेज में भाषण प्रतियोगिता आयोजित होगी, जिसके नोडल अधिकारी एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी होंगे। 29 अक्टूबर को ब्लॉक स्तर पर नशा मुक्ति शपथ दिलाई जाएगी, जिसके लिए जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी नोडल अधिकारी होंगे। 30 अक्टूबर को मेहंदी घाट पर योग कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसकी जिम्मेदारी राष्ट्रीय कैडेट कोर और मेरा युवा भारत को दी गई है।
जिलाधिकारी ने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सभी कार्यक्रमों को निर्धारित तिथि पर समयबद्ध और प्रभावी ढंग से संपन्न कराएँ। इसका उद्देश्य सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर “एकता, सद्भाव एवं राष्ट्र निर्माण” के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाना है।

