कन्नौज: जिले में पर्याप्त उर्बरक उपलब्ध, किसान बेवजह भंडारण न करें: डीएम

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में उर्वरकों की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

जिलाधिकारी ने कहा कि किसान भाइयों को उर्वरक से संबंधित किसी प्रकार की समस्या नहीं होनी चाहिए। जानकारी दी गई कि जनपद में वर्तमान में यूरिया 15,481.68 मी.टन व डी.ए.पी. 8,839.25 मी.टन, एवं एम.ओ.पी.1,703.92 मी.टन तथा एन.पी.के. 9,160.01 मी.टन और एस.एस.पी. 4,993.86 मी.टन उर्वरक उपलब्ध हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन समितियों पर डी.ए.पी. एवं एन.पी.के. की उपलब्धता नहीं है, वहां तत्काल प्रेषण सुनिश्चित किया जाए।

जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि 56 समितियों एवं 41 एग्रीजंक्शन केन्द्रों पर 2,057 मी.टन यूरिया और 2,500 मी.टन डी.ए.पी. के प्रेषण हेतु आवंटन किया जा चुका है, जो आगामी दो दिवस के भीतर समितियों पर उपलब्ध हो जाएंगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में सभी प्रकार के उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता तथा लगातार रैक की आपूर्ति जारी है। उन्होंने कहा है कि  किसान भाई अनावश्यक उर्वरक का भंडारण न करें और अपनी आवश्यकता के अनुसार ही उर्वरक प्राप्त करें। उन्होंने किसान भाइयों से अपील की है कि वे आधार कार्ड एवं खतौनी लेकर संबंधित समिति या एग्रीजंक्शन केन्द्र से उर्वरक प्राप्त करें। वर्तमान में लगभग 1,000 मी.टन एन.पी.के.एस. का लगातार प्रेषण किया जा रहा है, जिसमें नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटाश एवं सल्फर सभी पोषक तत्व सम्मिलित हैं। अतः किसान भाई डी.ए.पी. के विकल्प के रूप में एन.पी.के.एस. का संतुलित उपयोग करें, जिससे मिट्टी की उर्वरता एवं फसल उत्पादकता में वृद्धि होगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी वि0 रा देवेन्द्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।