कन्नौज : साठ हजार का खाद्य तेल सीज़, भरे गए नमूने

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में आमजन को शुद्ध, ताजे तथा गुणवत्तापरक खाद्य तथा पेय पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित कराये जाने एवं मिलावटी खाद्य व पेय पदार्थों के निर्माण, वितरण व बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु प्राप्त अभिसूचना के आधार पर उमेश प्रताप सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 के दिशा निर्देशन में, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री संतोष श्रीवास्तव के नेतृत्व में आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविन्द कुमार साहू एवं सर्वेश द्वारा पूर्वी क्रॉसिंग, गुरसहायगंज में मो०  जलिस पुत्र मो० अनीस निवासी गुरसहायगंज की दुकान से सरसों तेल के दो नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। मौके पर शेष  लगभग 350 किलोग्राम सरसों का तेल (कुल मूल्य 60000 रुपए) सीज कर विक्रेता की अभिरक्षा में दे दिया।

आज संग्रहित 02 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला प्रेषित किया जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत तद्नुसार अग्रिम कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संतोष श्रीवास्तव द्वारा इस अभियान के दौरान खाद्य कारोबार कर्ताओं सहित आम जन को रंगीन, मिलावटी तथा दूषित खाद्य पदार्थ  एवं मिलावट के हानिकारक प्रभाव तथा उनके स्थानीय परीक्षण की विधियों की जानकारी देते हुए खाद्य पदार्थों के उपयोग के संबंध में जागरूक किया गया। 

उन्होंने बताया कि जनपद में आमजन को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से मुख्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुपालन में जिलाधिकारी महोदय के निर्देश के अनुसार अभियान नियमित रूप से चलाया जाएगा।