बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। मीडिया में प्रकाशित समाचार “सीएचसी में खून का नमूना देने गई युवती से छेड़छाड़” के संदर्भ में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ स्वदेश गुप्ता द्वारा घटना को अत्यंत गंभीरता से संज्ञान में लिया गया। 15 नवम्बर को मुख्य चिकित्साधिकारी के निर्देश पर उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेन्द्रभान सिंह एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र छिबरामऊ के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र विशुनगढ़ पहुँचकर प्रकरण की विस्तृत जानकारी प्राप्त की गई तथा मौके पर मौजूद कार्मिकों से पूछताछ की गई।
जाँच के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी विनोद कुमार (चीफ फार्मासिस्ट), सुब्रत दीक्षित (लैब टेक्नीशियन) एवं अजीत सिंह (डार्क रूम असिस्टेंट) के बयान दर्ज किए गए। प्राप्त तथ्यों से ज्ञात हुआ कि आरोपी युवक जयपाल दिनांक 10.08.2023 से 30.11.2023 तक चिकित्सालय में फार्मेसी के व्यवहारिक प्रशिक्षण हेतु कार्यरत रहा था। उक्त अवधि समाप्त होने के पश्चात वह किसी भी रूप में चिकित्सालय में कार्यरत नहीं है।
जाँच के उपरांत टीम थाना विशुनगढ़ पहुँची, जहाँ उपनिरीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि दिनांक 13.11.2025 की घटना के संबंध में पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर आरोपी जयपाल सिंह के विरुद्ध विधिक प्रावधानों के अंतर्गत प्राथमिकी पंजीकृत कर ली गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने थानाध्यक्ष को निर्देशित किया कि प्रकरण में तत्परता एवं कठोरता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में चिकित्सालय परिसर में इस प्रकार की कोई भी घटना न घटे तथा आमजन का विश्वास स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति बना रहे।
