बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश पुलिस की आपात सेवा यूपी-112 ने सोमवार को जनपद में तीन स्थानों पर जन जागरूकता की बात, जन जन के साथ अभियान चलाया। इस अभियान का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं और छात्राओं को सुरक्षित रहने, साइबर अपराध से बचाव और आपात स्थितियों में त्वरित सहायता प्राप्त करने के तरीकों से अवगत कराना था। पुलिस महानिदेशक यूपी-112 श्रीमती नीरा रावत के निर्देशन में चल रहे इस अभियान में 112 की टीम ने कन्नौज के लोगों से संवाद कर जागरूक किया।
आशा देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, सौरिख
अभियान की शुरुआत आशा देवी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, सौरिख से हुई। यहां यूपी-112 की टीम ने छात्राओं को 112 की त्वरित सहायता प्रणाली, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन 1090, साइबर हेल्पलाइन 1930 और रोड सेफ्टी के बारे में बताया। एलईडी स्क्रीन वैन के माध्यम से सुरक्षा संदेश और वास्तविक घटनाओं पर आधारित वीडियो दिखाए गए। टीम ने छात्राओं को सलाह दी कि किसी भी आपात स्थिति में बिना हिचकिचाहट तुरंत 112 डायल करें।
महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, तिर्वा
दूसरे चरण में टीम महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज, तिर्वा पहुंची। यहां टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी संकट जैसे छेड़छाड़, पीछा करना, घरेलू हिंसा या संदिग्ध व्यक्ति की स्थिति में 112 डायल करने पर पुलिस सहायता तुरंत उपलब्ध होती है। इस दौरान यूपी-112 कर्मियों ने छात्र-छात्राओं से सीधे बातचीत की, उनके सवालों का जवाब दिया और उन्हें 112 की त्वरित प्रतिक्रिया और इसके काम करने के तरीके का लाइव डेमो भी दिखाया।
डॉ. भीमराव रामजी अम्बेडकर गर्वमेंट मेडिकल कॉलेज, तिर्वा में यूपी-112 टीम ने मेडिकल इमरजेंसी पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाया। टीम ने बताया कि सड़क दुर्घटना, बेहोशी, आग या अचानक गिरने जैसी स्थितियों में 112 पर की गई कॉल तुरंत पुलिस, एम्बुलेंस और फायर सर्विस को एक साथ सक्रिय कर देती है, जिससे सहायता समय पर पहुंचती है। एलईडी स्क्रीन वैन पर रेस्क्यू वीडियो दिखाए गए और लाइव डेमो के माध्यम से पीआरवी की भूमिका समझाई गई। डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और छात्रों ने कार्यक्रम को उपयोगी बताया।

