बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने विकास खंड तालग्राम के ग्राम रोहली में आयोजित बिजली बिल राहत योजना-2025-26 कैम्प का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बिजली बिल राहत योजना आज एक दिसंबर से प्रारंभ हो गई है। बकायेदारों को एकमुश्त भुगतान पर सरचार्ज में 100 प्रतिशत एवं मूलधन में 25 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसमें मासिक किश्तों में भुगतान की सुविधा भी दी गई है। कहा कि यह छूट तीन चरणों में दी जाएगी। 01 दिसम्बर से 31 दिसंबर 2025 तक पंजीकरण कराने पर मूलधन में 25 प्रतिशत, 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक पंजीकरण कराने पर 20 प्रतिशत तथा 01 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक पंजीकरण कराने में 15 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। उन्होनें निर्देश दिए कि अधिक से अधिक बकायेदारों को इस योजना का लाभ दिया जाए।
इस दौरान अधीक्षण अभियंता विद्युत अशोक ने बताया कि जनपद में 139166 बकायेदार उपभोक्ता हैं, जिन पर 437.025 करोड़ रूपये बकाया है। जनपद में कनेक्शन के बाद बिल न जमा करने वाले कुल 57472 उपभोक्ता है जिन पर रूपये 207.44 करोड़ रूपये बकाया है। इसी प्रकार जनपद में लम्बे समय से बिल न जमा करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 81694 है, जिन पर रूपये 229.81 करोड़ बकाया है। छूट योजना में उपभोक्ता यदि एक बार में पूरा बकाया जमा करते हैं तो उन्हें बकाये पर सरचार्ज में 100 प्रतिशत छूट व मूलधन में भी 25 प्रतिशत की छूट मिलेगी । बिजली चोरी से संबंधित प्रकरणों में राजस्व निर्धारण धनराशि पर भी छूट देने का प्रावधान किया गया है। यह योजना 2 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं और 01 किलोवाट तक वाणिज्यिक उपभोक्ताओं के लिए है।

