कन्नौज : बीडीओ सदर ने तहसील क्षेत्र में ग्रामीणों को बांटी गीता

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। तहसील में खंड विकास अधिकारी (वीडीओ) दिनेश चंद्र की अगुवाई में आज एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें किसानों और क्षेत्रीय लोगों को श्रीमद्भागवत गीता की पुस्तक वितरित की गईं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में आध्यात्मिक जागरूकता बढ़ाना और लोगों को गीता के मार्गदर्शक सिद्धांतों से जोड़ना था।

इस अवसर पर वीडियो दिनेश चंद्र ने बताया कि भौतिकवादी युग में व्यक्ति अक्सर मानसिक तनाव और उलझनों में फंस जाता है। ऐसे समय में गीता का अध्ययन जीवन के सही मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है और मन को शांति प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि गीता के उपदेश व्यक्ति को कर्म, कर्तव्य और नैतिकता का वास्तविक अर्थ समझाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान किसानों, ग्रामवासियों और क्षेत्र के प्रमुख लोगों को श्रीमद्भागवत गीता की प्रतियां भेंट की गईं। ग्राम पंचायत सहायक अधिकारी सुधीर दुबे, प्रभाष चंद्र सहित अन्य अधिकारियों को भी पुस्तक दी गई।

स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम ग्रामीण संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों को मजबूत बनाते हैं।