बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। रबी सीजन 2025 के अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के साप्ताहिक जागरूकता कार्यक्रम की शुरुआत आज प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी द्वारा विकास भवन से वाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर की गई। यह रैली जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को फसल बीमा योजना के लाभ, प्रक्रिया और अंतिम तिथि के संबंध में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करा रही है। फसल बीमा कंपनी के प्रतिनिधि गांव-गांव जाकर कृषकों को बता रहे हैं कि रबी 2025 के लिए फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2025 निर्धारित है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का उद्देश्य प्राकृतिक आपदाओं, मौसमीय असामान्यताओं तथा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों से कृषि फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई कर किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करना है, इसलिए सभी कृषक समय रहते अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएं।
ऋणी किसान अपनी संबंधित बैंक शाखा से बीमा करा सकते हैं, जबकि गैर-ऋणी किसान अपना आधार कार्ड, स्वप्रमाणित फसल बुवाई घोषणा पत्र, नवीनतम खतौनी की नकल तथा बैंक पासबुक की छायाप्रति लेकर सीएससी केंद्र या बैंक में जाकर बीमा करा सकते हैं। रबी सीजन 2025 के लिए जनपद में गेहूँ, सरसों एवं आलू की फसलों को बीमा हेतु अधिसूचित किया गया है, जिनके लिए क्रमशः प्रति हेक्टेयर बीमित राशि 92,800 रुपये, 1,00,100 रुपये और 1,43,000 रुपये निर्धारित है तथा किसानों द्वारा देय प्रीमियम क्रमशः 1,392 रुपये, 1,501 रुपये और 2,860 रुपये है। इस योजना के अंतर्गत असफल बुवाई, मध्यावधि फसल क्षति, ओलावृष्टि, चकवाती वर्षा, जलभराव, बिजली गिरने जैसी प्राकृतिक आपदाओं से नुकसान तथा फसल कटाई के बाद 14 दिनों तक खेत में रखी फसल के नुकसान पर भी क्षतिपूर्ति का प्रावधान है। योजना से संबंधित किसी भी जानकारी या शिकायत हेतु किसान टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं, तथा फसल क्षति की स्थिति में 72 घंटे के भीतर दावा पंजीकृत कराना आवश्यक है।
रैली के शुभारंभ के अवसर पर उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, डीसी एनएलआरएम श राजकुमार लोधी, डीसी मनरेगा दिनेश यादव, जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता एवं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
