कन्नौज: आईजीआरएस में खराब प्रदर्शन करने वाले 99 अफसरों को मिली चेतावनी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिलाधिकारी  आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने जनपद में माह नवम्बर में आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में खराब प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की है। मुख्यमंत्री कार्यालय से प्राप्त फीडबैक में 99 अधिकारियों  का शिकायत निस्तारण में असंतोषजनक फीडबैक प्राप्त हुआ है। असंतोषजन फीडबैक मिलने की स्थिति में जिलाधिकारी ने उन 99 अधिकारियों को चेतावनीपत्र जारी करने के निर्देश दिए।

 उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सरकारी कार्यों में ढिलाई अस्वीकार्य है तथा जन शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्यवाही की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि सभी लंबित आईजीआरएस प्रकरणों का समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। शिकायतकर्ता से मिलने वाला फीडबैक हर हाल में संतोषजनक होना चाहिए। अधिकारियों को स्वयं प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर वास्तविक व त्वरित समाधान सुनिश्चित करना होगा। गैर-गंभीरता दिखाने वाले कार्मिकों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।

उन्होंने यह भी कहा कि शासन स्तर से समय-समय पर जारी निर्देशों का अनुपालन ही सुशासन की प्राथमिक शर्त है और इसके प्रति प्रत्येक अधिकारी को पूरी जवाबदेही के साथ कार्य करना आवश्यक है। जनपद प्रशासन ने आगामी माह के लिए स्पष्ट रूप से लक्ष्य निर्धारण करते हुए कहा है कि आईजीआरएस पोर्टल पर जनसुनवाई से संबंधित एक भी प्रकरण औपचारिकता के आधार पर नहीं निपटाया जाएगा। सभी मामलों में वास्तविक समाधान प्रदान कर शिकायतकर्ता को पूर्ण संतुष्टि देना ही प्रमुख उद्देश्य होगा।