‘‘भाजपा-आरएसएस पर करारा हमला‘‘
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कांग्रेस द्वारा दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित वोट चोरी महारैली के दौरान पार्टी नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने इस लड़ाई को सत्य और असत्य के बीच की लड़ाई बताया और कई गंभीर आरोप लगाए।
राहुल गांधी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लेते हुए कहा कि उनकी बहादुरी केवल सत्ता तक सीमित है। उन्होंने दावा किया कि जब उन्होंने वोट चोरी को लेकर सवाल उठाए थे, तो अमित शाह को संसद में सफाई देनी पड़ी थी। उन्होंने कहा, जब तक सत्ता है केवल तभी तक अमित शाह बहादुर हैं। संसद में उनके हाथ कांप रहे थे। मैंने वोट चोरी को लेकर सवाल किए थे। सफाई देते हुए उनके हाथ कांप रहे थे।
चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
राहुल गांधी ने सीधे तौर पर चुनाव आयोग पर भाजपा के साथ मिलकर काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, भाजपा के पास सत्ता है, वे वोट चोरी करते हैं, चुनाव के समय वे 10 हजार रुपये देते हैं। उनके चुनाव आयुक्त हैं ज्ञानेश कुमार, डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी। चुनाव आयोग-भाजपा सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी पर कानून बदलने का आरोप लगाते हुए कहा कि नया कानून लाया गया ताकि चुनाव आयुक्तों पर कोई कार्रवाई न हो सके। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा, हम इस कानून को बदलेंगे और आपके खिलाफ एक्शन लेंगे, क्योंकि हम सच्चाई की लड़ाई लड़ रहे हैं और आप असत्य के साथ खड़े हो। राहुल गांधी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के अंडमान-निकोबार में दिए गए एक कथित बयान का जिक्र करते हुए उन पर और आरएसएस की विचारधारा पर हमला बोला। कहा, गांधीजी कहते थे कि सत्य सबसे जरूरी चीज है। हमारे धर्म में सत्य को सबसे जरूरी माना जाता है। उन्होंने मोहन भागवत के बयान को उद्धृत करते हुए कहा, विश्व सत्य को नहीं, शक्ति को देखता है, जिसके पास शक्ति है उसे माना जाता है। राहुल गांधी ने कहा कि यह मोहन भागवत और आरएसएस की विचारधारा है, जो कहती है कि सत्य का कोई मतलब नहीं है, सत्ता जरूरी है। अंत में, उन्होंने कार्यकर्ताओं को गारंटी दी कि वे सत्य के पीछे खड़े होकर नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की सरकार को सत्ता से हटाएँगे।
दिल्ली के रामलीला मैदान में बोले राहुल गांधी : भाजपा के साथ मिलकर काम कर रहा है चुनाव आयोग

