बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) आज समाजवादी पार्टी कार्यालय पर भारत रत्न, देश के पूर्व प्रधानमंत्री, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों, दलितों, के मसीहा, गाँव, गरीब की आवाज पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय चौधरी चरण सिंह की जयंती ‘किसान दिवस’ के रूप में सपा जिलाध्यक्ष मोहम्मद कलीम खान के नेतृत्व में आयोजित किया गया इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित करके अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए और उन्हें नमन किया।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष कलीम खान एवं पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे ने कहा कि आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री और भारत के ‘किसान-पुत्र’ चौधरी चरण सिंह की जयंती पर, पूरा राष्ट्र उन्हें नमन कर रहा है, जिन्होंने अपना पूरा जीवन ग्रामीण भारत और किसानों के कल्याण के लिए समर्पित कर दिया था।
सयुस प्रदेश उपाध्यक्ष हसीब हसन एवं विधानसभा अध्यक्ष कन्नौज पी पी सिंह वघेल ने विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि एक साधारण किसान परिवार से उठकर देश के सर्वोच्च पदों तक पहुंचने वाले चौधरी चरण सिंह अपनी बेमिसाल ईमानदारी, सिद्धांतों की दृढ़ता और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के प्रति अटूट निष्ठा के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने उत्तर प्रदेश में भूमि सुधारों को लागू किया, जमींदारी प्रथा का उन्मूलन किया और किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के लिए कई नीतियां बनाईं, उन्होंने व्यक्तिगत जीवन में ईमानदारी और उच्च नैतिक मूल्यों का प्रदर्शन किया, जो आज भी प्रेरणादायक है, जब किसान अपनी आवाज़ उठा रहे हैं,चौधरी चरण सिंह की विरासत हमें याद दिलाती है कि भारतीय लोकतंत्र की आत्मा गांवों और किसानों में बसती है. उनकी विचारधारा और संघर्ष हमें हमेशा ग्रामीण भारत की समृद्धि और सम्मान के लिए काम करने की प्रेरणा देते रहेंगे।
श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में प्रमुख रूप से सपा नेता विवेक पाल, सुनील दिवाकर, विधानसभा महासचिव आनंद बाबू यादव, सभासद आसिफ हुसैन सिद्दीकी, यशवीर भदौरिया, सतेंद्र दोहरे, गोविन्द कुशवाहा, तुफैल अहमद, दीपचंद्र, नितिन यादव, बी पी यादव,अभिषेक राजपूत, शिब्बू तिवारी सहित अन्य मौजूद रहे।

