बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो) शासन के आदेश एवं जिलाधिकारी के निर्देशानुसार क्रिसमस पर्व के दृष्टिगत आम जनमानस को सुरक्षित, शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराए जाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा जनपद में विशेष प्रवर्तन अभियान दिनांक 22 दिसम्बर 2025 से 24 दिसम्बर 2025 तक संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज विभागीय अधिकारियों द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण एवं छापेमारी की गई। निरीक्षण के दौरान कौशल बेकर्स, छिबरामऊ से केक निर्माण में प्रयुक्त क्रश का नमूना, गुप्ता जी आइसक्रीम, छिबरामऊ से केक निर्माण में प्रयुक्त चॉकलेट एवं जेली के नमूने तथा आदेश वर्मा, गोल कुआँ, कन्नौज से तैयार केक का नमूना संकलित किया गया। संकलित सभी खाद्य नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु निर्धारित खाद्य प्रयोगशाला को प्रेषित किया जा रहा है।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरान्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के अंतर्गत नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। विभाग द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि आम जनहित को ध्यान में रखते हुए यह विशेष अभियान क्रिसमस पर्व तक निरंतर जारी रहेगा, ताकि त्योहार के अवसर पर किसी भी प्रकार की मिलावटयुक्त अथवा असुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।