लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो) सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के अलावा लखनऊ के कई लोगों ने लंबे यातायात जाम को लेकर बुधवार को सोशल मीडिया पर अपनी चिंता व्यक्त की। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर लखनऊ के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा यातायात जाम लगा रहा।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लखनऊ यात्रा से पहले यहां गंभीर यातायात जाम का मुद्दा उठाते हुए बुधवार को प्रशासनिक तैयारियों को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने बिना किसी का नाम लिए लिखा, छुट्टी मना रहे शासन- प्रशासन के सूचनार्थः लखनऊ में जाम की वजह से यातायात ठप होने के समाचार का संज्ञान लिया जाए। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि जब बड़े लोग (पीएम मोदी) आ ही रहे हैं तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिरप कांड की प्रगति से उन्हें अवगत भी करा दें और उस भोज से भी जो उनके खिलाफ हो रहे विधायकों ने आयोजित किया था।
ट्रैफिक जाम का वीडियो किया शेयर
अखिलेश यादव ने इस शहर में लंबा यातायात जाम की स्थिति दर्शाता एक वीडियो भी अपने पोस्ट के साथ संलग्न किया है। पूर्व मुख्यमंत्री का इशारा गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लखनऊ यात्रा की ओर था जिसमें मोदी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने आ रहे हैं।
लखनऊ में हुई बैठक की तरफ इशारा
वहीं, भोज का जिक्र कर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने लखनऊ में हुई एक कथित बैठक की तरफ इशारा किया जिसमें पार्टी लाइन से हटकर एक जाति विशेष समूह से कई विधायक शामिल हुए थे। इस बीच, लखनऊ के कई लोगों ने लंबे यातायात जाम को लेकर बुधवार को सोशल मीडिया पर अपनी चिंता व्यक्त की। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर लखनऊ के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा यातायात जाम लगा रहा।
लखनऊ में क्रिसमस ईव पर ट्रैफिक जाम : अखिलेश यादव ने उठाए सवाल?

