ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन सैम पित्रोदा का केंद्र सरकार और भाजपा पर हमला

‘‘राहुल गांधी की निगरानी करती है केंद्र सरकार‘‘
नई दिल्ली। (आवाज न्यूज ब्यूरो)
ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा ने एक बार फिर भाजपा पर जोरदार हमला किया है। कांग्रेस नेता ने राहुल गांधी के जर्मनी दौरे को लेकर सत्ता पक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि जब राहुल गांधी विदेशों में दौरे पर होते हैं तो भारतीय दूतावास के लोग उन पर नजर रखते हैं।
सैम पित्रोदा ने एक मीडिया संस्थान को दिए इंटरव्यू में कहा कि राहुल गांधी जर्मनी में प्रोग्रेसिव अलायंस की बैठक थी, जिसमें करीब 110 देशों की डेमोक्रेटिक पार्टियां शामिल होती हैं। उन्होंने आगे कहा कि भारत जैसे बड़े देश में हर वक्त कुछ न कुछ अहम तो होता ही रहता है। चाहे वो पार्लियामेंट हो या देश का कोई और हिस्सा ही क्यों न हो, इसलिए टाइमिंग को लेकर हमेशा सवाल उठते रहेंगे। राहुल गांधी पर विदेश जाकर भारत विरोधी बयान देने के आरोपों का जवाब देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि आज के जमाने में जो आप भारत में कहते हैं वही इंटरनेशनल हो जाता है और जो बाहर कहते हैं वही नेशनल। उन्होंने आगे कहा कि सच देश में बोले या विदेश में सच तो सच होता है। ओवरसीज कांग्रेस के चेयरमैन ने कहा कि कांग्रेस यह मानती है कि संस्थानों पर कब्जा हो रहा है, मीडिया मैनिपुलेटेड है और सिविल सोसाइटी को कमजोर किया जा रहा है, तो यह बात भारत में भी कही जाएगी और विदेश में भी।
राहुल गांधी की निगरानी करती है केंद्र सरकार
कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय दूतावास के लोग न सिर्फ राहुल गांधी की निगरानी करते हैं बल्कि कई बार तो बड़े विदेशी नेताओं को उनसे मिलने से भी रोकते हैं। उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी के विदेश यात्रा अचानक नहीं होती, बल्कि महीनों पहले ही तय हो जाता है।
देश को बांग्लादेश जैसा बनना चाहती है भाजपा : खेड़ा
कांग्रेस ने एक बार फिर बीजेपी और आरआरएस पर जमकर हमला बोला है। क्रिसमस पर चर्च के ईसाइयों पर हुए कथित हमलों की आलोचना करते कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि तो आप क्या चाहते हैं हमारा भारत, बांग्लादेश के जैसा हो जाए क्योंकि वहां अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होते हैं तो हम भी यहां अल्पसंख्यकों पर अत्याचार करें। कांग्रेस नेता ने कहा कि हनुमान जयंती पर मस्जिद के बाहर नाचने की क्या जरूरत है और वहां उकसाने वाले गाने बजाने की क्या जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि हनुमान चालीसा पढ़िए आप,अच्छी तरह पढ़िए, मैं भी पढ़ता हू्ं। क्रिसमस है तो चर्च के बाहर जाकर हनुमान चालीसा पढ़ के क्या साबित करना चाहते हैं। ये मेरा धर्म हो ही नहीं सकता है, नहीं ही मेरी सभ्यता हो सकती है।
किस तरह का भारत चाहती है बीजेपी
उन्होंने आगे कहा कि किस तरह का भारत चाहते हैं। ये क्या आरआरएस का सपना था कि जिन्ना का सपना वो तो पूरा नहीं कर पाए तो हम उसे यहां पूरा कर दें। क्या मतलब है ये। उन्होंने आगे कहा कि आप अपने त्योहार मनाइए,अच्छी तरह मनाएं, हम भी मनाते थे।
स्वामी विवेकानंद भी मनाते थे पर्व
कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि क्या आपको मालूम है कि स्वामी विवेकानंद हर साल 25 दिसंबर को यीशू पर्व मनाते थे। आज भी रामाकृष्ण मिशन विवेकानंद की याद में ये ही पर्व मनाते हैं। एएनआई का एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि वन नेशन, वन ड्रेस, वन लेंगवेज रिलीजन, ये क्या मजाक है भाई। इस देश सदैव अलग धर्मों के लोग, अलग अलग भाषा और संस्कृति के लोग रहते हैं। आप सब कुछ थोपना क्यों चाहते हैं। उनको इतनी असुरक्षा क्यों हैं।