कन्नौज: जिले के धार्मिक पर्यटन स्थलों के जीर्णोद्धार की समीक्षा

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जनपद कन्नौज में धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास और सौन्दर्यीकरण के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर कार्य कराया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हो सकें।जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट कार्यालय कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान कहा है कि प्रदेश सरकार धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है। जनपद के प्राचीन उधालक ऋषि आश्रम का विकास एवं सौन्दर्यीकरण कराया जा रहा है। इस परियोजना के अंतर्गत यात्री विश्राम गृह, शौचालय, इंटरलॉकिंग पाथ-वे, स्टोन बेंच, स्टोन डस्टबिन, साइनेज तथा सोलर लाइट की व्यवस्था कराया जाना प्रस्तावित है। बैठक में जिलाधिकारी ने आश्रम में इंटरलॉकिंग हेतु क्रिटिकल गैप धनराशि जारी करने का निर्णय लिया। जानकारी दी गई कि आश्रम में सौन्दर्यीकरण का कार्य लगभग पूर्ण होने की स्थिति में है। 

इसी कड़ी में विकास खण्ड छिबरामऊ में स्थित बजरंगबली मंदिर के कराए जा रहे विकास कार्य की गहनता से समीक्षा की गई। इसमें यात्री विश्राम गृह, शौचालय, इंटरलॉकिंग पथ, स्टोन बेंच, स्टोन डस्टबिन, साइनेज, स्वागत द्वार एवं सोलर लाइट की व्यवस्था शामिल है, जिसमें जानकारी दी गई कि यात्री शेड के स्लैब का कार्य पूर्ण हो चुका है तथा प्रवेश द्वार का निर्माण कार्य प्रगति पर है। विकास खण्ड उमर्दा के तिर्वा में स्थित माता अन्नपूर्णा देवी मंदिर में सौन्दर्यीकरण के  कार्य में यात्री विश्राम गृह, स्टोन बेंच, स्टोन डस्टबिन एवं प्रकाश व्यवस्था का कार्य प्रस्तावित है। जानकारी दी गई कि वर्तमान में मंदिर परिसर में इंटरलॉकिंग एवं कोटा स्टोन का कार्य प्रगति पर है।

विकास खण्ड कन्नौज में स्थित माँ फूलमती देवी मंदिर का सौन्दर्यीकरण एवं पर्यटन विकास कार्य की समीक्षा में जानकारी दी गई कि यात्री विश्राम गृह, बेंच, सोलर लाइट, चबूतरा एवं यज्ञशाला के सौन्दर्यीकरण का कार्य कराया जाना शामिल है। यात्री शेड के स्लैब का कार्य पूर्ण हो चुका है। जिलाधिकारी ने कहा है कि इन सभी कार्यों का निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाएं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता में किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कहा है कि 

इन सभी कार्यों के पूर्ण होने से धार्मिक स्थलों की गरिमा में वृद्धि होगी तथा श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण प्राप्त होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *