बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो) जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने अर्हता तिथि 01 जनवरी, 2026 के आधार पर विधानसभा निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण–2026 के अंतर्गत कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के जिलाध्यक्षों एवं अधिकृत प्रतिनिधियों को आलेख्य मतदाता सूची उपलब्ध कराते हुए कहा कि आलेख्य मतदाता सूची में उन मतदाताओं के नाम सम्मिलित किए गए हैं, जिन्होंने अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराया तथा जिन प्रपत्रों को बीएलओ द्वारा डिजिटाइज कर दिया गया है। 196- छिबरामऊ विधानसभा आलेख्य प्रकाशन में 357762 मतदाता व 1270 सर्विस मतदाता, 197- तिर्वा विधानसभा आलेख्य प्रकाशन में 308100 मतदाता व 944 सर्विस मतदाता एवं 198- कन्नौज (अo जाo) विधानसभा में आलेख्य प्रकाशन में 345263 मतदाता व 520 सर्विस मतदाता सहित जनपद में कुल 10,13,859 मतदाता आलेख्य मतदाता सूची में सम्मिलित हैं।
उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के आरंभ दिनांक 27.10.2025 को मतदाताओं की संख्या 1289220 थी। दिनांक 04 नवम्बर 2025 से 26 दिसम्बर, 2025 तक बीएलओ द्वारा सर्वे के दौरान संगठित गणना प्रपत्र कारण सहित का विवरण है जिसमें तीनों विधानसभा में 38044 मृतक, 97886 अनुपस्थित, 118449 स्थानान्तरित,19910 डुप्लीकेट एवं 3806 अन्य कारणों से असंग्रहित पाए गए कुल 2,78,095 मतदाताओं को ड्राफ्ट मतदाता सूची से हटाया गया है। इस संबंध में दिनांक 11 व 12 दिसम्बर, 2025 को मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त कुल 4657 बीएलए ( 1522 भारतीय जनता पार्टी, 1522 समाजवादी पार्टी, 621 इंडियन नेशनल कांग्रेस, 987 बहुजन समाज पार्टी, एवं 05 आम आदमी पार्टी) के साथ ASD सूची साझा की गई, जो पुनः 04 जनवरी, 2026 को राजनैतिक दलों द्वारा नियुक्त 4657 बीएलए के साथ बैठक आहुत कर ASD सूची हिंदी में उपलब्ध कराई गई। जनसामान्य के अवलोकनार्थ जिला निर्वाचन अधिकारी पोर्टल https://kannauj.nic.in/absent-shifted-dead-elector-list/ पर भी उपलब्ध है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2003 की मतदाता सूची से मिलान न हो पाने के कारण कुल 87,824 (8.76 प्रतिशत) मतदाताओं को नो मैपिंग श्रेणी में रखते हुए संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा दिनांक 06 जनवरी, 2026 से 27 फरवरी, 2026 तक सुनवाई की जाएगी, जिसकी सुनवाई एवं निस्तारण हेतु 110 अतिरिक्त एडीआरओ की तैनाती की गई है।
उन्होंने कहा कि एस आई आर के दौरान जनसामान्य से डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर पर प्राप्त कुल 109 शिकायतों तथा भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बीएलओ को सीधे कॉल से संबंधित 943 अनुरोधों का त्वरित निस्तारण किया गया है। आलेख्य प्रकाशन की तिथि 06.01.2026 से 06.02.2026 तक दावे एवं आपत्तियां आमंत्रित ली जाएंगी, जिसमें नए अर्ह मतदाता प्रारूप-6 के साथ घोषणा पत्र पर अपना विवरण भरकर आवेदन कर सकते हैं तथा नाम विलोपन हेतु प्रारूप-7 एवं नाम संशोधन, निवास परिवर्तन, EPIC प्रतिस्थापन एवं दिव्यांगजन चिन्हांकन हेतु प्रारूप-8 पर आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जनपद में अब तक ऑनलाइन 5795 फार्म-6, 3872 फार्म-7 एवं 2564 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा प्राप्त दावों एवं आपत्तियों की सूचियों को प्रारूप 9, 10, 11, 11क व 11ख पर तैयार कर साप्ताहिक आधार पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराएंगे। ERO के निर्णय के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24(क) के अंतर्गत जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम अपील की जा सकेगी। जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय के विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 24(ख) के अंतर्गत मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के समक्ष द्वितीय अपील की जा सकेगी।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र सिंह, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी श्री विनीत कटियार, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रतिनिधि शकील अहमद, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मोo शाकिर हुसैन, आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष इरशाद अहमद, अपना दल के जिलाध्यक्ष दिनेश कटियार, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव राम गोपाल वर्मा सहित संबंधितगण उपस्थित रहे।

