शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान का मामला : सपा सुप्रीमो ने प्रयागराज मंडल की कमिश्नर पर लगाए आरोप

‘‘मंडलायुक्त ने अविमुक्तेश्वरानंद से शंकराचार्य होने का मांगा प्रमाण‘‘
‘‘माघ मेले में भाजपा घोटाले कर रही है‘‘
लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो) उत्तर प्रदेश स्थित प्रयागराज में माघ मेले में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के अपमान मामले में सियासी बवाल जारी है। प्रयागराज मंडल की मंडलायुक्त ने अविमुक्तेश्वरानंद से शंकराचार्य होने का प्रमाण देने की बात करके माहौल को और गर्म कर दिया है। उधर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रयागराज मंडल की मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल की प्रेस वार्ता का एक वीडियो साझा करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
सपा चीफ ने आरोप लगाया है कि माघ मेले में भारतीय जनता पार्टी कमीशन के रूप में घोटाले कर रही है। सोशल मीडिया साइट एक्स पर अखिलेश ने लिखा कि भाजपा के महाभ्रष्ट राज में मेले के नाम पर पचासों हज़ार की महा-रकम कमीशन के रूप में गटक जाने का नया खेल शुरू हुआ है। इसीलिए उन साधु-संतों को भी सम्मान नहीं मिल पा रहा है, जो मेले की शोभा होते हैं। जिनका दर्शन मात्र ही आशीर्वाद होता है, उनके साथ बेहद आपत्तिजनक-अपमानजनक हिंसक दुर्व्यवहार शासन-प्रशासन इसलिए कर रहा है क्योंकि ‘मेला महाभ्रष्टाचार’ की कमीशनख़ोरी के इस गोरखधंधे में भाजपाई गुट की मिलीभगत है।
मेलाक्षेत्र के संजय का ‘धृतराष्ट्र’ कौन
सपा सुप्रीमो ने कहा कि इसीलिए जो भी मेले की दुर्व्यवस्था और बदइंतज़ामी के बारे में बोलेगा वो भाजपाई और उनके संगी-साथियों के साथ-साथ ‘संगीधिकारियों’ के निशाने पर होगा और सरेआम शिकार होगा। मेलाक्षेत्र के संजय का ‘धृतराष्ट्र’ कौन है? जिसको आँखों देखा हाल सुनाया-दिखाया जा रहा था। भाजपा को कमिश्नर की जगह ‘कमीशनर’ की नयी पोस्ट बना देनी चाहिए, कुछ तो है जिसमें हिस्सेदारी है।
भाजपा की अलोकतांत्रिक सरकार है : सनातन पांडेय
इस मामले पर सपा के सांसदों ने भी सरकार पर निशाना साधा। बलिया सांसद सनातन पांडेय ने कहा कि यह अलोकतांत्रिक सरकार है। अविमुक्तेश्वरानंद पर शंकराचार्य होने का नोटिस जारी करने पर समाजवादी पार्टी के बलिया के सांसद सनातन पांडे ने कहा कि इस मामले में बोलेंगे तो बात बहुत आगे बढ़ जाएगी।
इस सरकार में शंकराचार्य भी उत्पीड़ित : रामभुआल
सांसद, सुल्तानपुर रामभुआल निषाद ने कहा कि इस सरकार में शंकराचार्य भी उत्पीड़ित है उनके साथ बर्बरता की जा रही है। बनारस मणिकर्णिका घाट मामले पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार मंदिरों को अपने स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करती है जिनकी जरूरत नहीं है उन्हें तोड़ दिया जाता।