महिला ने फांसी लगाई : मौत

फर्रुखाबाद।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम फरीदपुर मंगलीपुर में शुक्रवार की अपरान्ह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां तीन बच्चों की मां ने अपने ही मकान की छत पर बने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम फरीदपुर मंगलीपुर निवासी प्रीति (उम्र लगभग 33 वर्ष) पत्नी सतीश चंद्र शाक्य ने अज्ञात कारणों के चलते मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में रस्सी के सहारे फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि घटना के समय घर के अन्य सदस्य बाहर थे। बताया गया कि महिला का पुत्र जयदेव तारबंदी के लिए खेत गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो उसने देखा कि घर का दरवाजा अंदर से बंद है। काफी आवाज लगाने के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो वह पड़ोसी के मकान की छत के सहारे अंदर झांकने लगा। नीचे कुछ नजर न आने पर उसने छत पर बने कमरे में झांककर देखा, जहां मां का शव रस्सी के सहारे फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। यह दृश्य देखते ही उसकी चीख निकल गई। पुत्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर शमशाबाद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाया। इसके बाद महिला के मायके भोगपुर थाना कंपिल में सूचना दी गई। खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। बेटी का शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया, जिसके बाद फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल की बारीकी से जांच कर आवश्यक नमूने एकत्र किए। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय फतेहगढ़ भेज दिया।
मृतका प्रीति तीन बच्चों की मां थी। उसके बच्चों में बड़ा पुत्र हरिराम, दूसरा पुत्र जयदेव और तीसरा बच्चा नित्या है। बताया गया कि प्रीति का विवाह करीब 15 वर्ष पूर्व सतीश चंद्र शाक्य के साथ हुआ था। संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत के बाद मायके पक्ष में मायूसी और गहरा शोक व्याप्त है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष शमशाबाद रमेश सिंह ने बताया कि मायके पक्ष द्वारा किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से फिलहाल इनकार किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।