कन्नौज : राज्यमंत्री असीम अरुण की पहल से आंटी गांव को मिलीं विकास की चार बड़ी सौगातें

खेल मैदान, आरआरसी, गौशाला और अन्नपूर्णा भवन किया जनता को समर्पित

कन्नौज (आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद के आंटी गांव को सोमवार को एक साथ चार जनोपयोगी विकास कार्यों की सौगात मिली है। वित्त वर्ष 2024-25 के अंतर्गत निर्मित आधुनिक खेल मैदान, कचरा प्रबंधन केंद्र (आर०आर०सी), गौशाला और अन्नपूर्णा भवन का लोकार्पण किया गया। कन्नौज सदर के विधायक और समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने फीता काटकर और शिलापट्ट का अनावरण कर इनका शुभारंभ किया। इसके साथ ही इन सुविधाओं को जनता को समर्पित किया। 

ग्राम विकास को मिलेगी नई गति

कार्यक्रम में राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि आंटी गांव को विकास के मॉडल के रूप में विकसित किया जा रहा है। इन नई सुविधाओं से ग्रामीण विकास को नई गति प्राप्त होगी। खेल मैदान युवाओं को प्रेरित तो आर.आर.सी. स्वच्छता को मजबूत करेगा। गौशाला पशुपालकों के लिए उपयोगी होगी और अन्नपूर्णा भवन सामाजिक कार्यक्रमों में काम आएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार जताते हुए कहा कि सरकार ग्रामीण विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी गांव की चुनौतियों को चिह्नित कर विकास कार्य किए जाते रहेंगे। इस अवसर पर कन्नौज के जिलाध्यक्ष श्री वीर सिंह भदौरिया, ब्लॉक प्रमुख श्री रामू कठेरिया, प्रधान श्री नरेंद्र कुमार प्रजापति सहित अन्य जनप्रतिनिधि और गांव के लोग उपस्थित रहे।