बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आज उत्तर प्रदेश के ईवीएम नोडल अधिकारी/उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह द्वारा जनपद स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम/वीवीपैट वेयरहाउस का विस्तृत निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेन्द्र सिंह तथा जनपद के मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान ईवीएम नोडल अधिकारी ने वेयरहाउस में सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का परीक्षण किया तथा विगत दिनों की वीडियो रिकॉर्डिंग का अवलोकन कर सुरक्षा मानकों की पुष्टि की। साथ ही वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की वैधता तिथि एवं उनकी कार्यशील स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।
श्री सिंह ने विशेष गहन पुनरीक्षण -2026 से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वस्त किया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं पारदर्शी ढंग से संचालित की जा रही हैं।

