कन्नौज : 146261 उज्ज्वला लाभार्थियों को बांटी गई 8 करोड़ से ज्यादा की गैस सब्सिडी

होली की पूर्व सन्ध्या पर मुख्यमंत्री का सजीव प्रसारण सुन गदगद हुए लाभार्थी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  होली पर्व के शुभ अवसर पर सरकार की महत्वाकांक्षी योजना प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निशुल्क गैस सिलेंडर (फ्री गैस रिफिलिंग) का वितरण/डेमो चेक मेडिकल कालेज तिर्वा के आडोटोरियम हाॅल में विधायक तिर्वा, कैलाश राजपूत एवं जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री तथा मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी और अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) देवेन्द्र सिंह की उपस्थिति में किया गया।  इस मौके पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निशुल्क गैस सिलेंडर (फ्री गैस रिफिलिंग) का कार्यक्रम और मुख्यमंत्री के सम्बोधन का सजीव प्रसारण देखा व सुना गया।

इस मौके पर विधायक ने कहा कि प्रथम चरण में माह अक्टूबर से दिसम्बर तथा द्वितीय चरण में जनवरी से मार्च तक एक वित्तीय वर्ष में 2 बार निःशुल्क रिफिलिंग वितरण कराया जाता हैं। आज जनपद में 146261 प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के लाभार्थियों को 8,08,47,230 रूपये की धनराशि लाभार्थियों के खाते में अंतरित की गई।

 विधायक ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को त्योहार के अवसर पर राहत प्रदान करना तथा स्वच्छ ईंधन के उपयोग को बढ़ावा देना है।

उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है तथा उनके स्वास्थ्य और जीवन स्तर में सकारात्मक सुधार हुआ है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रत्येक पात्र परिवार को स्वच्छ और सुरक्षित रसोई ईंधन उपलब्ध हो।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कहा कि होली जैसे महत्वपूर्ण त्यौहार पर निःशुल्क गैस रिफिलिंग का वितरण सरकार का अत्यन्त सराहनीय एंव जन कल्याणकारी कदम हैं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, और वह स्वच्छ ईंधन के साथ सुरक्षित वातावरण में त्यौहार मना सकेगें। कहा कि इस योजना से कोई भी पात्र लाभार्थी वंचित नही रहना चाहिए। सभी को लाभान्वित किया जा रहा हैं। यह सरकार की बहुत ही महत्वपूर्ण योजना हैं।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा0 स्वदेश गुप्ता, जिला विकास अधिकारी नरेन्द्र देव द्विवेदी, उप निदेशक कृषि संतोष कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राजीव कुमार मिश्रा सहित अन्य उपस्थित रहे।