बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनर्धार कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद कन्नौज में श्रीअन्न (मिलेट्स) के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु आज जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर में एलईडी जागरूकता वैन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह विशेष प्रचार वाहन जनपद के कस्बों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर किसानों एवं आम जनमानस को श्रीअन्न के महत्व एवं लाभों के प्रति जागरूक करेगा।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा श्रीअन्न—जैसे बाजरा, ज्वार, रागी, कोदो, सावां आदि—को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य किसानों को पोषक तत्वों से भरपूर इन पारंपरिक फसलों की खेती के लिए प्रेरित करना तथा आमजन को इनके स्वास्थ्यवर्धक गुणों से अवगत कराना है।
प्रचार-प्रसार के लिए विशेष रूप से तैयार एलईडी वैन के माध्यम से जनपद के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर लघु फिल्में, लोकगीत, विज्ञापन एवं डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शित की जा रही हैं, जिनमें श्रीअन्न के पोषण, आर्थिक एवं पर्यावरणीय लाभों की जानकारी दी जा रही है।
श्रीअन्न को “सुपर फूड” के रूप में भी जाना जाता है। यह कैल्शियम, आयरन एवं फाइबर से भरपूर होता है तथा मधुमेह (डायबिटीज) और मोटापे जैसी बीमारियों की रोकथाम में सहायक है। इन फसलों की खेती में कम पानी की आवश्यकता होती है तथा ये प्रतिकूल जलवायु परिस्थितियों में भी आसानी से उगाई जा सकती हैं। कम लागत, कम उर्वरक एवं कीटनाशक की आवश्यकता तथा वैश्विक स्तर पर बढ़ती मांग के कारण श्रीअन्न किसानों के लिए लाभकारी सिद्ध हो रहा है।
कृषि विभाग द्वारा श्रीअन्न की खेती को प्रोत्साहित करने हेतु किसानों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं, जिनमें मिलेट्स बीज मिनीकिट का निःशुल्क वितरण, प्रसंस्करण (प्रोसेसिंग) इकाइयों की स्थापना पर अनुदान, मोबाइल आउटलेट एवं मिलेट्स स्टोर पर अनुदान, प्रेरणा कैंटीन की स्थापना पर सहायता तथा प्रशिक्षण एवं तकनीकी सहयोग शामिल हैं।
एलईडी वैन का संचालन विकास भवन परिसर कन्नौज, तहसील परिसर कन्नौज एवं तहसील परिसर तिर्वा में किया गया, जहाँ बड़ी संख्या में लोगों ने सरकार द्वारा मिलेट्स को बढ़ावा देने हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा प्रदर्शित लोकगीतों एवं चलचित्रों के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
जनपद प्रशासन एवं कृषि विभाग ने किसानों एवं आमजन से अपील की है कि वे श्रीअन्न की खेती एवं उपभोग को अपनाकर स्वस्थ जीवन एवं समृद्ध कृषि की दिशा में कदम बढ़ाएं।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, उप कृषि निदेशक संतोष कुमार सहित संबंधित उपस्थित रहे।

