कन्नौज : कृषकों को पंतनगर विश्वविद्यालय में 6 दिवसीय प्रशिक्षण भ्रमण पर भेजा गया

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  कृषि विभाग द्वारा संचालित सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन (आत्मा) योजना के अंतर्गत जनपद के कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराने तथा उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से गोविन्द वल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय, पंतनगर (उत्तराखण्ड) में दिनांक 12 से 17 मार्च  तक 6 दिवसीय कृषक भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।

जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री ने कलेक्ट्रेट परिसर से बस को हरी झंडी दिखाकर जनपद के 55 कृषकों के दल को पंतनगर विश्वविद्यालय के लिए रवाना किया। इस दल में विकास खण्ड कन्नौज से 09, छिबरामऊ से 06, हसेरन से 08, सौरिख से 06, उमर्दा से 09, जलालाबाद से 12 तथा गुगरापुर से 05 कृषक शामिल हैं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान कृषकों को विश्वविद्यालय के प्रख्यात वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, फसल प्रबंधन, कीट एवं रोग नियंत्रण, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण तथा कृषि से संबंधित नवीनतम शोध एवं नवाचारों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही कृषकों को विश्वविद्यालय के विभिन्न कृषि अनुसंधान केंद्रों, प्रयोगशालाओं एवं उन्नत कृषि इकाइयों का भ्रमण भी कराया जाएगा, जिससे उन्हें नई तकनीकों को व्यवहारिक रूप से समझने का अवसर प्राप्त होगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य कृषकों को नवीन एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ना है, ताकि वे आधुनिक तकनीकों को अपनाकर फसल उत्पादन में वृद्धि करने के साथ-साथ अपनी आय को भी बढ़ा सकें। इससे जनपद में कृषि के समग्र विकास को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी 

 रामकृपाल चौधरी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुश्री वैशाली, उप कृषि निदेशक संतोष कुमार, जिला कृषि अधिकारी संत लाल गुप्ता सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।