कन्नौज : जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का प्रयास जारी

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज। (आवाज न्यूज ब्यूरो)।  जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु विभिन्न कार्यक्रम लगातार संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में विकास खंड उमर्दा की ग्राम पंचायत सिंगरी में नवनिर्मित पेयजल योजना परिसर पर जल महोत्सव के अंतर्गत जल अर्पण दिवस कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण एवं स्वच्छ पेयजल के महत्व से अवगत कराने के उद्देश्य से प्रभात फेरी, जल बंधन, जल संकल्प तथा जल संचयन जैसी प्रेरणादायी गतिविधियाँ आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों को जल के महत्व, उसके संतुलित उपयोग तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया तथा सभी उपस्थित जनों ने जल की प्रत्येक बूंद को सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।

 इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख, खंड विकास अधिकारी उमर्दा एवं अधिशाषी अभियंता ने उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पेयजल योजनाओं का दीर्घकालिक लाभ तभी संभव है जब ग्रामवासी इनके संरक्षण, नियमित रखरखाव तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें।           

उन्होंने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जनपद में जिन स्थानों पर पेयजल टंकियों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन्हें संबंधित ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित किया जाएगा, जिससे ग्रामीणों को निरंतर एवं व्यवस्थित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

 उन्होंने यह भी अवगत कराया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत 08 से 22 मार्च तक विभिन्न ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता एवं जनसहभागिता आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य जल संरक्षण को एक सामूहिक जन अभियान के रूप में विकसित करना है।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान सिंगरी, जिला समन्वयक (डीपीएमयू), डीपीएम टीपीआई, सहायक अभियंता, जूनियर इंजीनियर, परियोजना प्रबंधक (कार्यदायी संस्था) सहित अन्य संबंधित अधिकारी, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त करते हुए जल जीवन मिशन को सफल बनाने के लिए सामूहिक सहभागिता का आह्वान किया।

जनपद में इस प्रकार के कार्यक्रमों के माध्यम से जल जीवन मिशन को जनसहभागिता से जोड़ते हुए एक सशक्त जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक घर तक स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।