कन्नौज : पुलिस ने धार्मिक स्थलों से उतरवाए लाउड स्पीकर, 62 की आवाज़ धीमी करवाई

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।   पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे विभागीय अधिकारियों ने धार्मिक स्थलों से लाउडस्पीकर उतरवा कर जब्त कर लिए। ये लाउडस्पीकर मानक के विपरीत लगे हुए थे। इसके अलावा कई स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज मानक के अनुरूप कराई गई।

गुरुवार सुबह 5 बजे एसपी बिनोद कुमार फोर्स के साथ कई धार्मिक स्थलों पर पहुंचे। जहां उन्होंने अवैध तरीके से लगाए गए लाउडस्पीकरों को उतारने और जब्त करने के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने चेकिंग करते हुए 15 लाउडस्पीकर उतरवाने का काम किया। इसके अलावा 62 लाउडस्पीकर की आवाज धीमी कराई गई। एसपी के निर्देश पर पूरे जिले में अभियान चलाकर लाउडस्पीकर की चेकिंग कराई गई। जहां भी मानक के विपरीत लाउडस्पीकर लगे नजर आए, उन्हें पुलिस ने उतरवा दिया।

सुबह तड़के मन्दिरों और मस्जिदों में पुलिस फोर्स देखकर वहां मौजूद लोग सकते में आ गए। एसपी बिनोद कुमार ने बताया कि गुरुवार से नवरात्रि शुरू हो रही है। ऐसे में ईद-उल-जुहा भी मनाई जानी है। जिस कारण सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए कई धार्मिक स्थलों का निरीक्षण किया गया है।

संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस फोर्स की तैनाती की गई है। पैदल और वाहन से गश्त भी तय की गई। त्यौहारों पर किसी तरह की अफवाह फैलाने या साजिश करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इसके लिए पुलिस टीम निगरानी कर रही है।