कन्नौज : जिले में खोले गए 41 गेंहू क्रय केंद्र, 25 से होगी खरीद

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।   जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने  बताया जनपद कन्नौज में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं क्रय की अवधि दिनांक 25 मार्च से 15 जून तक रहेगी। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य कॉमन श्रेणी हेतु ₹2585 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जिसके अतिरिक्त ₹20 प्रति क्विंटल उतराई एवं छनाई के मद में देय होंगे।

उन्होंने बताया कि जनपद में किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए कुल 41 गेहूं क्रय केन्द्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें खाद्य विभाग के 15, पीसीएफ के 23 तथा भारतीय खाद्य निगम के 3 केन्द्र सम्मिलित हैं। विकास खण्डवार क्रय केन्द्रों की व्यवस्था इस प्रकार है—कन्नौज में 03, जलालाबाद में 01, गुगरापुर में 01, उमर्दा में 12, हसेरन में 05, सौरिख में 07, छिबरामऊ में 07 तथा तालग्राम में 08 केन्द्र संचालित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त जनपद की प्रत्येक तहसील में एक-एक मोबाइल क्रय केन्द्र की भी व्यवस्था की गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के किसानों को विशेष सुविधा प्राप्त होगी।

जनपद में गेहूं की औसत उत्पादकता 54.66 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आंकी गई है। गेहूं विक्रय हेतु किसान पंजीकरण पोर्टल प्रारंभ हो चुका है, जिस पर अब तक 116 किसानों द्वारा पंजीकरण कराया जा चुका है। सभी कृषकों से अपील की गई है कि वे समय से पंजीकरण कराकर सरकारी क्रय केन्द्रों पर अपना गेहूं विक्रय करें और न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं।

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत मूल्य समर्थन योजना के तहत जनपद में दिनांक 28 फरवरी 2026 तक कुल 4357 किसानों से 32,90,086 मीट्रिक टन धान की खरीद की जा चुकी है। इनमें से 4351 किसानों को ₹7867.76 लाख का भुगतान उनके आधार लिंक्ड बैंक खातों में पीएफएमएस के माध्यम से किया जा चुका है। धान विक्रय करने वाले किसानों का भुगतान 48 घंटे के भीतर सुनिश्चित किया जा रहा है।

       किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी हेतु किसान जिला खाद्य विपणन अधिकारी, कन्नौज के मोबाइल नंबर 9956199399 पर संपर्क कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा पारदर्शी एवं सुगम खरीद व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।