विजिलेंस टीम की बडी कार्रवाई : परिवार कल्याण प्रोजेक्ट मैनेजर रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार

लखनऊ। (आवाज न्यूज ब्यूरो)। यूपी के महोबा शहर में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विजिलेंस टीम ने परिवार कल्याण विभाग के एक प्रोजेक्ट मैनेजर को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान जीतेश सोनी के रूप में हुई है, जो वर्तमान में परिवार कल्याण प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर कार्यरत है।
विवरण के अनुसार, आरोपी पोस्टिंग कराने के नाम पर दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा था। शिकायत मिलने के बाद झाँसी से आई विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की और शहर के एक होटल में उसे रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया। यह कार्रवाई शहर कोतवाली क्षेत्र के होटल राघव पैलेस में की गई, जहां आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद विजिलेंस टीम आरोपी को शहर कोतवाली ले गई, जहां उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी महकमों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।