कन्नौज : एक दो दिन में सामान्य हो जाएगी व्यावसायिक गैस सिलेंडर की व्यवस्था: डीएसओ

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में व्यवसायिक गैस आपूर्ति को सुचारु एवं व्यवस्थित बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा सर्वसाधारण को सूचित किया गया है कि जनपद की समस्त गैस एजेंसियों से व्यवसायिक गैस कनेक्शनों के सापेक्ष अद्यतन विवरण प्राप्त कर लिया गया है। एजेंसियों द्वारा प्रस्तुत मांग के आधार पर संबंधित ऑयल कंपनियों से व्यवसायिक गैस रिफिल उपलब्ध कराए जाने हेतु अपेक्षित कार्यवाही सुनिश्चित की गई है।

जिला पूर्ति अधिकारी ने अवगत कराया कि व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के अतिरिक्त अन्य आयोजनों में भी, जहां व्यवसायिक गैस की आवश्यकता होगी, सक्षम स्तर से अनुमोदन प्राप्त होने के उपरांत गैस रिफिल उपलब्ध कराए जाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे किसी भी प्रकार की असुविधा या आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न न हो।

उन्होंने यह भी बताया कि ऑयल कंपनियों द्वारा आगामी 1 से 2 दिनों में जनपद की समस्त गैस एजेंसियों पर प्रचलित व्यवसायिक कनेक्शनों के अनुरूप गैस सिलेंडरों की पर्याप्त रिफिल उपलब्ध कराए जाने की प्रबल संभावना है।

अतः ऐसे सभी व्यक्ति एवं प्रतिष्ठान, जिनके पास पूर्व से व्यवसायिक गैस कनेक्शन संचालित हैं, वे संबंधित गैस एजेंसी से संपर्क कर अपनी आवश्यकता के अनुरूप उपलब्ध रिफिल प्राप्त कर सकते हैं तथा उसका उपयोग नियमानुसार व्यवसायिक कार्यों में कर सकते हैं।

जनपद प्रशासन द्वारा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था पूर्णतः पारदर्शी, सुचारु एवं समयबद्ध बनी रहे, जिससे आमजन एवं व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।