कन्नौज: रायफल के साथ सोये अधेड़ की लाश मिलने से हड़कम्प, छिबरामऊ के विपिन द्विवेदी के रूप में हुई पहचान

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  भीड़भाड़ वाले एरिया में बुधवार तड़के एक युवक का शव मिला। उसके पास एक बैग और राइफल भी मिली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने पहुंच कर साक्ष्य संकलित किए।

सदर कोतवाली की सरायमीरा चौकी से चंद कदम की दूरी पर जिला पंचायत कार्यालय के सामने सुबह एक दुकान की पटिया पर युवक लेटा दिखाई दिया। उसके पास बैग और कपड़े के कवर में राइफल भी रखी हुई थी। असलाह के साथ सो रहे युवक को स्थानीय लोगों ने सुबह जगाने का प्रयास किया तो उसमें कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। ऐसे में सरायमीरा चौकी पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। कुछ ही देर में पुलिस कर्मी वहां पहुंच गए। युवक को हिला डुलाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। ये घटना रोडवेज बस स्टैंड से 50 मीटर और रेलवे स्टेशन से करीब 100 मीटर दूर की है।

मृतक के पास राइफल होने पर पुलिस कर्मियों ने उच्चाधिकारियों को मामले की जानकारी दी। कुछ देर बाद फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और साक्ष्य संकलित कर मामले की जांच शुरू कर दी। युवक की पहचान विपिन द्विवेदी के रूप में की गई, जोकि छिबरामऊ के कटकैया मोहल्ला निवासी थे। बैग में दवाइयां रखीं हुईं थीं, जिससे ये अंदेशा जताया गया कि वह बीमार चल रहे थे और सफर में तबियत खराब होने के कारण कन्नौज में उनकी मौत हो गई।

कन्नौज के आटी गांव निवासी उनके रिश्तेदार (साढू) आशीष दुबे ने बताया कि विपिन द्विवेदी बिहार में जॉब (गनमैनी) करते थे। वह वहां से छिबरामऊ स्थित अपने घर वापस आ रहे थे, लेकिन मंगलवार शाम से परिजनों का उनसे कोई सम्पर्क नहीं हो सका। सुबह जब सरायमीरा में डेडबॉडी मिलने की बात पता चली तो वहां पहुंच कर देखा। तब मृतक की पहचान विपिन द्विवेदी के रूप में हो सकी। फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।