बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज कन्नौज सदर विधानसभा स्थित मंडी समिति परिसर में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के उपलक्ष्य में एक विशाल महिला सम्मेलन का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तिकरण और उन्हें विधायी संस्थाओं में आरक्षण प्रदान करने के ऐतिहासिक निर्णय पर चर्चा की गई।
प्रमुख अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छिबरामऊ की विधायक अर्चना पांडेय उपस्थित रहीं। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सदर विधायक असीम अरुण ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया द्वारा की गई।
अर्चना पांडेय ने अपने संबोधन में कहा कि “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” केवल एक कानून नहीं, बल्कि महिलाओं के सम्मान और उनके राजनीतिक अधिकारों की पुनर्स्थापना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आज महिलाएं देश की नीति निर्धारण में मुख्य भूमिका निभाने को तैयार हैं।
समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नारी शक्ति के बिना एक विकसित राष्ट्र की कल्पना संभव नहीं है।
जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया जी ने संगठन की ओर से मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया और कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भारी संख्या में विधानसभा क्षेत्र की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उपस्थित महिलाओं ने अधिनियम के माध्यम से मिलने वाले ३३ प्रतिशत आरक्षण के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में इस दौरान रेखा दोहरे, रजनी पाल, सुनीता राजपूत, गीता पाठक, बबिता सिंह, विनीता चतुर्वेदी, संध्या शर्मा, दीप शिखा पाल, सुमन मिश्रा, ममता सक्सेना, सुनीता कटियार, कल्पना देवी जी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं भारी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रही।

