कन्नौज : होम गार्ड्स भर्ती परीक्षा के प्रथम दिवस डीएम एसपी ने किया निरीक्षण

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश होम गार्ड्स भर्ती परीक्षा 2025 के सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी संचालन को सुनिश्चित करने हेतु जनपद कन्नौज में जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने परीक्षा के प्रथम दिवस विभिन्न परीक्षा केंद्रों का संयुक्त औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम का अवलोकन किया, जहाँ से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सभी परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों की सतत निगरानी की जा रही थी। उन्होंने मुस्लिम मोहम्मदिया इंटर कॉलेज, सुशीला देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, जमुना प्रसाद गर्ल्स इंटर कॉलेज, सेठ बासुदेव सहाय इंटर कॉलेज, गोमती देवी गर्ल्स इंटर कॉलेज मकरंद, केकेसीएन इंटर कॉलेज, के.के. इंटर कॉलेज कन्नौज तथा डी.एन. इंटर कॉलेज तिर्वा में स्थापित कैमरों की लाइव फीड देखी। तत्पश्चात संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पहुँचकर व्यवस्थाओं का स्थलीय सत्यापन भी किया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देशित करते हुए कहा कि तीन दिवसीय परीक्षा के प्रत्येक दिवस तथा दोनों पालियों में प्रत्येक गतिविधि पर निरंतर एवं प्रभावी निगरानी रखी जाए। सभी अधिकारी एवं कार्मिक अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण सतर्कता, निष्पक्षता एवं उत्तरदायित्व के साथ करें। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सीसीटीवी कैमरे बंद न हों तथा लाइव फीड निरंतर संचालित रहे। विद्युत आपूर्ति बाधित होने पर जनरेटर तत्काल चालू किया जाए।

उन्होंने स्ट्रांग रूम से लेकर परीक्षा कक्षों तक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि की संभावना समाप्त हो। जिलाधिकारी ने परीक्षार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया का भी निरीक्षण किया तथा आधार सत्यापन एवं केवाईसी जांच की प्रक्रिया की जानकारी ली। निर्देशित किया गया कि किसी भी परीक्षार्थी के पास मोबाइल फोन अथवा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न हो तथा सभी सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि परीक्षा किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। उन्होंने पुलिस बल एवं संबंधित कार्मिकों को निर्देशित किया कि वे पूर्ण मुस्तैदी, अनुशासन एवं सजगता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो।