बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। थाना तिर्वा में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना। दूर-दराज क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं, जिन पर अधिकारियों ने तत्परता दिखाते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि प्रत्येक प्राप्त प्रार्थना-पत्र का निस्तारण प्राथमिकता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान ही सुशासन की पहचान है, अतः किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, तथ्यपरक एवं शीघ्र निस्तारण किया जाए तथा शिकायतकर्ता को संतोषजनक समाधान प्राप्त हो। किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।
इस अवसर पर राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारीगण उपस्थित रहे। प्राप्त शिकायतों के संबंध में आवश्यक कार्यवाही तत्काल प्रारंभ कर दी गई।

