यूपी में सरकार बनने पर 300 यूनिट बिजली मुफ्त, महिलाओं को 40000 की आर्थिक सहायता : नसीमुद्दीन सिद्दीकी

लखनऊ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)।  समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने मिशन 2027 के तहत भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। रामगंगा विहार स्थित बैंक्वेट हॉल में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि सपा पीडीए के दम पर 2027 में सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी। भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और अपराध चरम पर हैं। गैस सिलिंडर से लेकर रसोई तक सब महंगा हो चुका है। बुलडोजर कार्रवाई के मुद्दे पर नसीमुद्दीन ने कहा कि जो भी सरकार के खिलाफ बोलता है, उसके घर बुलडोजर चलवा दिया जाता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मेरे घर बुलडोजर नहीं चला सकते, क्योंकि चारों तरफ आर्मी के आवास हैं। पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव पर सवाल उठाते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों से अधिकारियों को भेजकर चुनाव प्रभावित किए गए। चुनाव आयोग पर भी निशाना साधते हुए कहा कि वह भाजपा की कठपुतली बन चुका है। उन्होंने कहा कि सपा पूरे प्रदेश में पीडीए को मजबूत करने में जुटी है और हर समाज को संगठन से जोड़ा जा रहा है। मुरादाबाद को समाजवादियों का गढ़ बताते हुए कहा कि यहां सपा पहले भी मजबूत थी और आगे भी रहेगी। ओवैसी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह कौन हैं, हमें नहीं पता। वहीं आजम खां को बड़ा नेता बताते हुए कहा कि उनकी बराबरी कोई नहीं कर सकता। इस कार्यक्रम में सपा के जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव, नवाब जान, सलीम अख्तर, इकबाल अंसारी, बलराम सैनी, हाजी शब्बन, फुरकान अली, लाखन सिंह सैनी, धर्मेंद्र यादव, कमरे आलम, विकास चौधरी आदि मौजूद रहे।