कन्नौज : फर्रुखाबाद ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना : डडौना के कृषकों ने दिखाई सकारात्मक पहल

बृजेश चतुर्वेदी

कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। फर्रुखाबाद प्रवेश नियंत्रित (ग्रीन फील्ड) लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के अंतर्गत जनपद की तहसील छिबरामऊ स्थित ग्राम डडौना में भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई। परियोजना से प्रभावित कृषकों द्वारा सकारात्मक सहयोग प्रदान किए जाने से एक्सप्रेसवे निर्माण कार्य को नई गति मिलने की संभावना प्रबल हुई है। ग्राम बिजनौरा निवासी रामसनेही एवं नरेंद्र सिंह पुत्रगण सुखु द्वारा अपनी प्रभावित कृषि भूमि का बैनामा यूपीडा के पक्ष में संपादित कराया गया। प्रशासन द्वारा दोनों कृषकों की सराहनीय पहल एवं विकास कार्यों में सहयोग हेतु सम्मानित भी किया गया। अधिकारियों ने कहा कि किसानों के सहयोग से ही जनहित एवं विकास की बड़ी परियोजनाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण हो पाती हैं।

इस अवसर पर माननीय विधायक तिर्वा 

 कैलाश सिंह राजपूत ने ग्राम डडौना पहुंचकर प्रभावित कृषकों से संवाद स्थापित किया। उन्होंने किसानों को परियोजना के महत्व, क्षेत्रीय विकास, बेहतर यातायात सुविधा एवं भविष्य में रोजगार एवं निवेश की संभावनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। विधायक ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

कृषकों के साथ हुए सकारात्मक संवाद के उपरांत 10 से अधिक किसानों द्वारा भी अपनी भूमि का बैनामा कराने हेतु सहमति प्रदान की गई तथा सहमति पत्रों पर हस्ताक्षर किए गए। किसानों ने प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रयासों पर विश्वास जताते हुए विकास कार्यों में सहयोग देने की बात कही।