बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। कोतवाली कन्नौज में आयोजित थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री एवं पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार द्वारा फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत कीं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित न्याय एवं राहत मिल सके। अधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने थाना स्तर पर उपस्थित पुलिस कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि थाना समाधान दिवस में प्राप्त सभी शिकायती प्रार्थना-पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए तथा प्रत्येक शिकायत की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।

