बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश सरकार के नव नियुक्त राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने सर्किट हाउस में मीडिया संवाद के दौरान तिर्वा विधानसभा क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्ष 1996 में स्व. कल्याण सिंह के आशीर्वाद से उन्होंने तिर्वा से चुनाव लड़ा और तब से अब तक क्षेत्र की सम्मानित जनता, संगठन के पदाधिकारियों, सेक्टर व मंडल अध्यक्षों, जिला टीम तथा कार्यकर्ताओं का निरंतर सहयोग मिलता रहा है। उन्होंने कहा कि इसी सहयोग और विश्वास के बल पर तिर्वा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिली है।
मंत्री ने बताया कि तिर्वा विधानसभा का ऐसा कोई गांव नहीं है जो पक्की डामर सड़क से न जुड़ा हो। क्षेत्र में आवागमन की सुविधा को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य किए गए हैं। मेडिकल कॉलेज के सामने बढ़ती भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से तिर्वा बाईपास की स्वीकृति प्राप्त की है, जिसका निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज तिर्वा परिसर में लगभग 200 करोड़ रुपये की लागत से कैंसर संस्थान एवं हृदय रोग संस्थान के भवन निर्मित किए गए हैं। इन संस्थानों को शीघ्र क्रियाशील बनाने हेतु मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री से पत्राचार कर आवश्यक चिकित्सकों के पद सृजित कराने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई गई है। अस्पताल प्रारंभ होने पर कन्नौज जनपद सहित आसपास के जिलों के कैंसर व हृदय रोग के मरीजों को बड़े शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें बेहतर उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगा।
मंत्री ने कहा कि जनसेवा और क्षेत्रीय विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

