बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) विजय कुमार मिश्र की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में माध्यमिक शिक्षा विभाग, कन्नौज द्वारा इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों के अभिनव मॉडल/प्रोजेक्ट को पेटेंट कराने, छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा उच्च शिक्षा हेतु आर्थिक सहयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में इत्र नगरी कन्नौज के प्रतिष्ठित उद्योगपतियों, कारखाना स्वामियों/प्रोपराइटर्स, सामाजिक संस्थाओं, बैंकों, निजी प्रतिष्ठानों तथा विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों के साथ विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल/प्रोजेक्ट का अवलोकन करते हुए कहा कि जनपद के 11 चयनित विद्यार्थियों में निहित वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना अत्यंत सराहनीय है। विद्यार्थियों ने अपने विचारों को मॉडल/प्रोजेक्ट के रूप में साकार कर जनपद का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि इन विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने हेतु मार्गदर्शन, संरक्षण और सहयोग प्रदान करना हम सभी का सामाजिक दायित्व है।
बैठक में सत्र 2023-24, 2024-25 एवं 2025-26 में चयनित कुल 11 विद्यार्थियों (8 विद्यालयों—1 राजकीय, 2 सीबीएसई, 1 बेसिक, 4 माध्यमिक) ने अपने-अपने मॉडल/प्रोजेक्ट का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया।
जिला समन्वयक समग्र शिक्षा (माध्यमिक) अजय कुमार ने इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के अंतर्गत जनपद की प्रगति आख्या प्रस्तुत की, जबकि बेसिक नोडल शिक्षक आशुतोष दुबे द्वारा पीपीटी के माध्यम से योजनागत विवरण और विद्यार्थियों के नवाचारों को प्रदर्शित किया गया।
बैठक में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया, एचडीएफसी बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, एलडीएम कार्यालय सहित विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के मॉडल/प्रोजेक्ट का अवलोकन कर उनके प्रोत्साहन एवं सहयोग का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. के.के. झा, योगेंद्र कुमार, सहायक अध्यापक सस्मित द्विवेदी, मृदुल मिश्रा, अंकित चौधरी, संदीप शर्मा, विज्ञान सहायक अध्यापिका सुश्री अनुपमा भदौरिया, कम्प्यूटर ऑपरेटर रजनीश सिंह गौर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
