बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। आज राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, बेहरिन परिसर में एक दिवसीय “प्लेसमेन्ट ड्राइव” एवं स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया।
आयोजित प्लेसमेन्ट ड्राइव में राजकीय एवं निजी आई0टी0आई0 से उत्तीर्ण कुल 127 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर भारत की प्रतिष्ठित कम्पनी हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड द्वारा युवाओं के अप्रेन्टिस एवं रोजगार हेतु साक्षात्कार लिये गये, जिसमें कुल 78 अभ्यर्थियों का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों में उत्साह एवं प्रसन्नता का वातावरण देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानाचार्य अनुज कुमार मौर्या ने उपस्थित अतिथियों, कम्पनी प्रतिनिधियों एवं अभ्यर्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्थान युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने हेतु निरन्तर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्लेसमेन्ट आयोजन विद्यार्थियों के कौशल विकास एवं उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके सफल भविष्य की कामना की।
इसी क्रम में डॉ. भीमराव रामजी अंबेडकर राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कन्नौज के रक्त केंद्र विभाग के सहयोग से आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संस्थान के कर्मचारी प्रीति रानी, अश्विनी गौतम, जितेन्द्र तथा प्रशिक्षार्थी पूनम देवी द्वारा स्वेच्छा से रक्तदान किया गया। रक्तदाताओं ने “रक्तदान महादान” के संदेश को आत्मसात करते हुए समाज सेवा एवं मानवता के प्रति प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में संस्थान के समस्त कर्मचारियों एवं चिकित्सा विभाग की टीम द्वारा सक्रिय सहयोग प्रदान किया गया।

