बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज:।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में किसानों को खाद एवं कृषि संबंधी आवश्यक सुविधाएं समयबद्ध एवं पारदर्शी रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली द्वारा बी-पैक्स क्रय केंद्र एवं खाद वितरण केंद्र मियागंज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं, खाद वितरण प्रक्रिया, स्टॉक रजिस्टर तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं का गहनता से जायजा लिया।
उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा खाद वितरण कार्य पूर्ण पारदर्शिता एवं शासन की निर्धारित गाइडलाइन के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को निर्धारित दरों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान केंद्र पर उपस्थित किसानों से भी संवाद स्थापित किया गया तथा उनसे खाद उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। किसानों द्वारा व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया गया। उप जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि खाद वितरण केंद्रों पर साफ-सफाई, पेयजल एवं छाया जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं, जिससे किसानों को गर्मी के मौसम में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। साथ ही खाद की कालाबाजारी एवं अनियमितताओं पर कड़ी निगरानी रखने तथा शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद उप जिलाधिकारी सदर ने चौरा चांदपुर गौशाला का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गोवंशों के लिए उपलब्ध चारा, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि गोवंशों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी गोवंश को कोई समस्या न होने पाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि गौशाला में नियमित रूप से साफ-सफाई कराई जाए, समय से चारा एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए तथा बीमार गोवंशों को अन्य गोवंशों से अलग रखकर उनके समुचित उपचार एवं चिकित्सकीय देखभाल की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उप जिलाधिकारी ने कहा कि गोवंशों की सुरक्षा एवं बेहतर देखभाल शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है, जिसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

