बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज। ।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जनपद में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना ” का कार्य आज से प्रारम्भ हो गया है, यह दिनांक 20 जून तक संचालित किया जाएगा। इस दौरान जनपद के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में नियुक्त प्रगणक एवं पर्यवेक्षक घर-घर जाकर जनगणना संबंधी कार्य संपादित करेंगे।
भवनों की गणना, भवनों की स्थिति, उपयोग, उपलब्ध सुविधाओं से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण जानकारियाँ एकत्रित की जाएंगी। यह कार्य देश की विकास योजनाओं, संसाधनों के उचित वितरण एवं जनकल्याणकारी नीतियों के निर्माण हेतु अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्य के प्रारम्भिक चरण में प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों द्वारा संबंधित क्षेत्र का नजरी नक्शा तैयार किया जा रहा है तथा भवन संख्या अंकन का कार्य किया जा रहा है, जिससे प्रत्येक भवन एवं परिवार का व्यवस्थित अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जा सके।
इसी क्रम में आज फील्ड भ्रमण के दौरान एक प्रगणक जिलाधिकारी आवास पर भी नजरी नक्शा तैयार करने एवं भवन संख्या अंकन कार्य हेतु पहुँचा। जनगणना कार्य के प्रति फील्ड स्तर पर कार्मिकों में उत्साह एवं सक्रियता देखने को मिली।
जनपद प्रशासन द्वारा सभी नागरिकों से अपील की गई है कि दिनांक 22 मई से 20 जून के मध्य जब प्रगणक एवं पर्यवेक्षक आपके घर आएँ, तब उनका सहयोग एवं उत्साहवर्धन करें। उन्हें सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएँ तथा इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य को सफल बनाने में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

