जनगणना में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी : जिलाधिकारी
बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्यों की अत्यंत धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई तथा कार्य में तत्काल तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कुल 3066 हाउस लिस्टिंग ब्लॉक (एच०एल०बी०) निर्धारित किए गए हैं, जिनमें से अब तक मात्र 1503 एच०एल०बी० में ही कार्य प्रारंभ हो सका है, जबकि 1518 एच०एल०बी० अब तक लाइव नहीं किए गए हैं। केवल 45 एच०एल०बी० का कार्य पूर्ण होना अत्यंत असंतोषजनक स्थिति को दर्शाता है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट एवं कड़े शब्दों में कहा कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व किसी भी प्रकार की शिथिलता, लापरवाही अथवा उदासीनता को स्वीकार नहीं करेगा। उन्होंने निर्देश दिए कि आज सायं तक प्रत्येक दशा में सभी एच०एल०बी० को लाइव किया जाना सुनिश्चित किया जाए। इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय करते हुए कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले इस कार्य में किसी प्रकार का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी चार्ज अधिकारी एवं खंड शिक्षा अधिकारी पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें तथा अधीनस्थ कर्मचारियों का पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें। जो प्रगणक गांवों में कार्य हेतु जा रहे हैं, उन्हें रोजगार सेवक, ग्राम सचिव एवं ग्राम प्रधान स्तर से पूरा सहयोग उपलब्ध कराया जाए, जिससे निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण हो सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जहां अब तक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां तत्काल टीमों को सक्रिय करते हुए युद्धस्तर पर कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी नियमित मॉनिटरिंग करें तथा क्षेत्रीय स्तर पर उत्पन्न होने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बताया गया कि सामान्यतः एक एच०एल०बी० में लगभग 700 से 800 जनसंख्या को सम्मिलित करते हुए एक ब्लॉक निर्धारित किया जाता है। अधिकांश प्रगणकों को एक-एक एच०एल०बी० आवंटित किया गया है, जबकि आवश्यकता अनुसार कुछ प्रगणकों को एक से अधिक ब्लॉक भी दिए गए हैं। प्रत्येक सुपरवाइजर को 6 से 8 प्रगणकों के पर्यवेक्षण का दायित्व सौंपा गया है।
जनपद में जनगणना कार्यों के सफल संचालन हेतु कुल 3763 प्रगणक एवं सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सभी अधिकारी इसे मिशन मोड में पूर्ण करें।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) देवेन्द्र सिंह, उप जिलाधिकारी सदर सुश्री वैशाली, जिला विकास अधिकारी नरेंद्र देव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित संबंधित विभागीय अधिकारी, तहसील स्तरीय अधिकारी एवं जनगणना कार्य से जुड़े कर्मचारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उपस्थित रहे।