‘‘6 जून को अमेरिका से भारत आ रहे सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके’’
‘‘शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग’’
नई दिल्ली।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। सीबीएसई और नीट परीक्षाओं में हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर देश के छात्रों और युवाओं के बीच कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी एक मजबूत पहचान बनाई जिस बीच अब इस लड़ाई में लद्दाख के मशहूर शिक्षा सुधारक और इनोवेटर सोनम वांगचुक की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने इस पूरे मामले के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को अपना पूरा समर्थन दे दिया है।
सोनम वांगचुक ने ऐलान किया है कि अगर सरकार ने 5 जून तक इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो वे 6 जून को दिल्ली की सड़कों पर उतरकर सीजेपी के सदस्यों के साथ विरोध प्रदर्शन करेंगे। सोनम वांगचुक ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक और कड़ा संदेश शेयर करते लिखा- अगर हम नहीं तो कौन? और अब नहीं तो कब! अगर 5 जून तक हालात में सुधार नहीं हुआ, तो मैं 6 जून को दिल्ली में सीजेपी के साथियों के साथ जुड़ रहा हूँ। जब व्यवस्था इतनी ज़्यादा बिगड़ जाए, तो किसी भी ज़िम्मेदार मंत्री को अपने पद से इस्तीफ़ा दे देना चाहिए। इस गड़बड़ी का असर देश के भविष्य और लाखों युवाओं की जिंदगी पर पड़ रहा है।
सीबीएसई का चेयरमैन और सचिव हटाए गए
इस बढ़ते विवाद के बीच सरकार ने एक बड़ी कार्रवाई की है। सीबीएसई मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता को उनके पदों से हटा दिया गया है। हालांकि, छात्र और प्रदर्शनकारी इतने से संतुष्ट नहीं हैं और उनका आंदोलन जारी है।
इस आंदोलन को शुरू करने वाले कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दिपके (जो फिलहाल अमेरिका में रह रहे हैं) ने भी भारत आने की घोषणा कर दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पहले ही इशारा कर दिया था कि इस आंदोलन से कोई बहुत बड़ी शख्सियत जुड़ने वाली है, जो कि अब सोनम वांगचुक के रूप में सामने आए हैं। अभिजीत दिपके 6 जून की सुबह दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो जारी कर सभी छात्रों और समर्थकों से शांतिपूर्ण तरीके से जुड़ने की अपील की है। अभिजीत दिपके ने साफ कहा कि अब समय आ गया है जब हमें संविधान के दायरे में रहकर एकजुट होना होगा। उन्होंने सीधे तौर पर देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है।
कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में आए सोनम वांगचुक, 6 जून को दिल्ली में बड़ा प्रदर्शन

