बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज ब्यूरो)। प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, और हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग एवं जनपद प्रभारी मंत्री राकेश सचान ने वर्चुअल बैठक के दौरान कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर जनपद में 05 जून से 21 जून 2026 तक व्यापक जनजागरण एवं जनकल्याण अभियान संचालित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं, नीतियों एवं उपलब्धियों को जनसामान्य तक पहुंचाना तथा आम नागरिकों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तनों को प्रदर्शित करना है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान का 05 जून को “एक पेड़ मां के नाम” थीम के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम से प्रारम्भ होगा। इसके अंतर्गत लाख बहोसी पक्षी विहार में वृहद स्तर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामपंचायतों, अमृतसरोवरों, विकास खण्डों इत्यादि स्थानों वृक्षारोपण कराने की बात कही। उन्होंने उन्होंने कहा कि 08 जून से 14 जून के मध्य जनप्रतिनिधियों एवं नामित प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों से संवाद स्थापित किया जाएगा। इस दौरान शिक्षकों, उद्यमियों, व्यापारियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों को सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही चिकित्सक गोष्ठियों, स्वच्छता अभियानों तथा प्लास्टिक अपशिष्ट निस्तारण हेतु विशेष कार्यक्रम भी संचालित किए जाएंगे। इसी अवधि में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं का समाधान एवं योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि 14 जून से 16 जून तक जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी प्रदान करेंगे तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि कि 17 जून से 20 जून तक जनपद स्तर पर तीन दिवसीय विशेष प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। प्रदर्शनी में युवा, महिला एवं गरीब कल्याण को समर्पित सरकारी उपलब्धियों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश की पहचान बन चुकी वृहद आधारभूत संरचना परियोजनाओं, आध्यात्मिक स्थलों के विकास तथा आंतरिक सुरक्षा के सुदृढ़ मॉडल को “पहले और अब” की अवधारणा के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।
कृषि क्षेत्र में प्राकृतिक एवं टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 18 एवं 19 जून को प्राकृतिक खेती विषयक कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें किसानों को आधुनिक एवं पर्यावरण-अनुकूल कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। कहा कि इसी अभियान के तहत 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन होगा। इस अवसर पर सामूहिक योगाभ्यास, साइकिल रैली एवं पैदल जागरूकता यात्राएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी चिन्हित स्थलों पर रात्रि चौपाल कार्यक्रमों में सहभागिता कर जनसंवाद स्थापित करेंगे।
वर्चुअल बैठक में समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रिया शाक्य, विधायक छिबरामऊ अर्चना पांडेय, भारतीय जनपता पार्टी जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र श्रीवास इत्यादि अधिकारी उपस्थित रहे।
