हर वर्ग को तबाह कर रहे हैं पीएम मोदी, आखिर कैसा भारत बनाना चाहते हैं?: कांग्रेस

नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। कांग्रेस ने पीएम मोदी पर शनिवार केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस ने देश के मौजूदा हालातों पर गहरी चिंता जताते हुए कांग्रेस ने सवाल उठाया कि भाजपा सरकार की नीतियों का समाज के विभिन्न हिस्सों पर बहुत बुरा असर पड़ रहा है। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का एक पुराना वीडियो साझा करते हुए लिखा कि नरेंद्र मोदी देश के हर वर्ग को तबाह कर रहे हैं। सवाल यह है कि वे आखिर किस तरह का भारत बनाना चाहते हैं?
साझा किए गए वीडियो में मल्लिकार्जुन खड़गे राज्यसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार पर देश के बुनियादी सिद्धांतों को नजरअंदाज करने का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश में समानता, भाईचारा और न्याय जैसे संवैधानिक मूल्यों की अनदेखी की जा रही है। टैक्सपेयर्स (करदाताओं) के पैसे का इस्तेमाल सरकारी योजनाओं के बड़े-बड़े विज्ञापनों और प्रचार के लिए किया जा रहा है, जिससे जनता को कुछ समय के लिए गुमराह किया जा सकता है। सरकार ने महिलाओं, किसानों, गरीबों, दलितों, आदिवासियों, वंचितों और छात्रों के अधिकारों को चोट पहुंचाई है, जिससे आज समाज का हर वर्ग गुस्से में है।