नई दिल्ली।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। जयपुर में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके पर हुए हमले से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, दीपके नीट पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को लेकर शहीद स्मारक पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे थे, जहां भीड़ के बीच अचानक कुछ युवकों ने उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दीपके अपने समर्थकों के कंधों पर बैठकर मंच की ओर बढ़ रहे थे, तभी भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने पहले उनके गले में डाले गमछे को खींचा और फिर एक युवक ने उन्हें ताबड़तोड़ कई थप्पड़ जड़ दिए। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दीपके के समर्थकों ने तुरंत हमलावरों को पकड़ लिया और उनके साथ हाथापाई भी हुई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब छह लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनकी पहचान व पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है।
हमले के बाद अभिजीत दीपके ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस तरह के हमले डर और कायरता की निशानी हैं। उन्होंने कहा कि वे गांधी और अंबेडकर के विचारों पर चलते हुए शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान प्रदर्शन स्थल पर एक और समस्या सामने आई, जहां कई लोगों के मोबाइल फोन चोरी होने की शिकायतें भी मिलीं। मंच से बार-बार लोगों को अपने मोबाइल सुरक्षित रखने की घोषणा की जाती रही। बताया जा रहा है कि इस प्रदर्शन के लिए पहले अनुमति को लेकर विवाद हुआ था, लेकिन बाद में पुलिस ने सशर्त अनुमति दी थी। प्रशासन ने कार्यक्रम में अधिकतम 800 लोगों की उपस्थिति की सीमा तय की थी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी जारी किए थे। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता ने लोगों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन में शामिल होने की अपील की थी और कहा था कि यह लड़ाई केवल किसी एक संगठन की नहीं, बल्कि देश के छात्रों, युवाओं और अभिभावकों की है।
अभिजीत दीपके के साथ थप्पड़कांड : गूंजती रही शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

