फर्रूखाबाद। (आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए थाना राजेपुर पुलिस ने ग्राम महेशपुर में जागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए महत्वपूर्ण जानकारी दी। अभियान वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में संचालित किया गया।
पुलिस टीम ने ग्रामीणों को साइबर ठगों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए सतर्क रहने की सलाह दी। लोगों से कहा गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना बैंक खाता नंबर, एटीएम पिन, सीवीवी या ओटीपी न बताएं। साथ ही लॉटरी, इनाम, सस्ते लोन अथवा अन्य आकर्षक ऑफर के नाम पर भेजे जाने वाले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। अभियान के दौरान यह भी बताया गया कि बिजली बिल बकाया, सिम कार्ड बंद होने या केवाईसी अपडेट कराने के नाम पर आने वाले फर्जी कॉल और संदेशों पर विश्वास न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें। उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार ने ग्रामीणों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल हेल्पलाइन पर संपर्क करें तथा शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। जागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार, एएसआई सत्येंद्र कुमार और महिला कांस्टेबल भावना ने ग्रामीणों से संवाद कर साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी साझा की। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय अधिक सतर्क रहने का संकल्प लिया।
राजेपुर पुलिस ने चलाया साइबर जागरूकता अभियान: ग्रामीणों को बताए बचाव के उपाय

