जन्मदिन पर बोले अखिलेश: भाजपा ने संविधान, आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ किया,राम हमारे थे और हमारे रहेंगे

लखनऊ।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो )। अखिलेश यादव ने अपने जन्म दिन पर सपा कार्यालय में प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा, राम हमारे थे और हमेशा हमारे पूजनीय रहेंगे। हर सनातनी के घर में राम दरबार है, उनकी समय-समय पर पूजा होती है। लेकिन, ये भारतीय जनता पार्टी राम के नाम पर राजनीति करती है। ये लोग धर्म के नाम धन का खेल खेलते हैं। इन्होंने हमारे संविधान, आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ किया। भाजपा की निगाहे नेशन पर नहीं डोनेशन पर नेशन नहीं डोनेशन फर्स्ट है। जिन लोगों ने आस्था और श्रद्धा से खिलवाड़ किया है इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के मंदिर में इतना बड़ा सवाल खड़ा हो जाए। सारी मीडिया सवाल पूछ रही है। इससे बड़ा सवाल क्या हो सकता है? चंदा चोरी के चक्कर में पेपर लीक का सवाल न रह जाए। सरकार से कोई सवाल न करे। अगर कोई सवाल करेगा तो उसके खिलाफ सरकारी संस्थाएं कार्रवाई करेगी। अखिलेश यादव ने कहा, पेपर लीक के चलते गरीब परिवार के बच्चों का भविष्य अंधकार मय हो रहा है। स्कूलों में पढ़ाई न होने के कारण बच्चे कोचिंग का सहारा ले रहे हैं और कोचिंग को भी सरकार अपने हिसाब से संचालित करने का दबाव बना रही है। पेपर लीक की चर्चा करने पर कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई की जा रही है। कहा कि भाजपा के शब्दकोष में न तो धर्म है न तो शर्म है। असली संतों को अपमानित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के जिले में पीएचसी और सीएचसी बंद हो रहे हैं। बड़ी संख्या में प्राथमिक विद्यालय बंद हो गए हैं।