फर्रुखाबाद। (आवाज न्यूज ब्यूरो) समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में पार्टी के निवर्तमान जिला उपाध्यक्ष शशांक सक्सेना ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान गौरव सिंह ‘आजाद’ एवं यूसुफ अंसारी भी मौजूद रहे।
मुलाकात के दौरान जिले में पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनसरोकार के विषयों पर राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा हुई। साथ ही जिले की वर्तमान राजनीतिक एवं सामाजिक परिस्थितियों तथा संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।
बातचीत के दौरान जब जिले में कार्यकर्ताओं की क्षेत्रीय सक्रियता का उल्लेख किया गया तो अखिलेश यादव ने उत्साहवर्धन करते हुए कहा, “मुझे पता है, तुम लोग बहुत सक्रिय हो।” राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस उत्साहवर्धन को नेताओं ने पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए महत्वपूर्ण प्रोत्साहन बताया।
अखिलेश यादव ने जनसरोकार से जुड़े मुद्दों पर लगातार सक्रिय रहने तथा पार्टी के संगठनात्मक कार्यों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाने पर जोर दिया।
मुलाकात के बाद शशांक सक्सेना, गौरव सिंह ‘आजाद’ एवं यूसुफ अंसारी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन पार्टी के कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
