बृजेश चतुर्वेदी
कन्नौज।(आवाज न्यूज़ ब्यूरो)। अपर जिलाधिकारी देवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट गांधी सभागार में जिला सैनिक कल्याण बंधु की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में उन्होंने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों (युद्ध विधवाओं) तथा दिवंगत सैनिकों के आश्रितों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने कहा कि जिस प्रकार हमारे सैनिक राष्ट्र की सुरक्षा और सेवा के लिए सदैव समर्पित रहते हैं, उसी भावना के साथ प्रशासन का भी दायित्व है कि उनके एवं उनके परिवारों की समस्याओं का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि देश की रक्षा में अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सैनिकों और उनके परिजनों का सम्मान एवं कल्याण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने निर्देश दिए कि 70 वर्ष से अधिक आयु के अथवा गंभीर रूप से बीमार भूतपूर्व सैनिकों की सूची तैयार कर उनके आयुष्मान भारत कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनाए जाएं, ताकि उन्हें समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों से संबंधित पेंशन, राजस्व, पुलिस तथा अन्य विभागीय प्रकरणों का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण किया जाए तथा किसी भी शिकायत की पुनरावृत्ति न होने पाए।
बैठक में प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए बताया गया कि राजस्व विभाग से संबंधित 3 प्रकरण (भूमि पैमाइश, पट्टा एवं अवैध कब्जा), कोषागार विभाग से संबंधित 4, पुलिस विभाग से संबंधित 3 तथा अन्य विभागों से संबंधित 2 शिकायतें प्राप्त हुईं। अपर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों की आवश्यकतानुसार संयुक्त जांच कराते हुए प्राथमिकता के आधार पर उनका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल रोहित भटारा, सिखलाई रेजीमेंट के जेसीओ चरनजीत सिंह, संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी, पूर्व सैनिक तथा उनके आश्रित उपस्थित रहे।

